![]() |
| सांकेतिक फोटो |
बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा से एक दिल दहला देने वाली घटना समाने आई है। जिले के मटौंध थानाक्षेत्र में बहन और उसके प्रेमी को भाई ने परिजनों के साथ मिलकर जिंदा फूंक दिया। वारदात के बाद पुलिस ने प्रेमिका के भाई समेत दो लोगों को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस वारदात को करीब आधा दर्जन लोगों ने अंजाम दिया है। अभिर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मामला मटौंध थाना क्षेत्र के करछा गांव का है, जहां गांव के एक युवक का युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के अनुसार युवती ने बुधवार को प्रेमी को मिलने के लिए अपने घर बुलाया था। इसी दौरान इसकी भनक प्रेमिका के परिजनों को लग गई। मौके पर पहुंचे प्रेमिका के परिजनों ने कमरे की कुंडी बंद कर प्रेमी युगल पर कुल्हाड़ी से हमला किया, फिर आग लगा दी। कमरे में बंद प्रेमी-प्रेमिका गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में इलाज के दौरान प्रेमी युवक की मौत हो गई, जबकि प्रेमिका की हालत गंभीर होने के चलते उसे कानपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन कानपुर पहुंचने से पहले ही युवती की भी मौत हो गई। एएसपी महेंद्र चौहान ने बताया कि मुख्य आरोपित मृतका के भाई को पकड़ लिया गया है जबकि मृतका का पिता व अन्य लोग फरार हैं।

