जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी नेताओं के सचिन पायलट पर सीधे हमले से पार्टी नेतृत्व खुश नहीं है । पार्टी नेतृत्व ने सभी नेताओं को हिदायत दी है कि वह राजस्थान घटनाक्रम पर बयानबाजी करने से परहेज करें । गहलोत ने बुधवार को उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए सचिन पायलट पर सरकार गिराने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था । मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद नेतृत्व ने फौरन पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को बयान देने की हिदायत दी , ताकि नुकसान की भरपाई की जा सके । दरअसल , सचिन पायलट लगातार यह दोहरा रहे हैं कि वह भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं । पायलट ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वह अभी भी कांग्रेस में हैं । इसलिए , पार्टी नेतृत्व भी पायलट से सुलह समझौते की गुंजाइश बनाए रखना चाहता है । गहलोत के बयान के आधे घंटे के अंदर सुरजेवाला मीडिया के सामने आए और उन्होंने कहा कि पायलट आए और पार्टी फोरम पर खुलकर अपनी बात रखे । इससे साफ है कि पायलट के लिए कांग्रेस ने अभी दरवाजे बंद नहीं किए हैं । सुरजेवाला ने कहा कि अगर वह भाजपा में नहीं जाना चाहते तो उनके किसी भी नेता से वार्तालाप और चर्चा न करें । अपने परिवार में वापस आइए , परिवार में बैठिए ओर परिवार में अपनी बात रखिए । गहलोत के आरोप पर पायलट कैंप कापलटवार राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तरफ से विधायकों के खरीद फरोख्त के आरोपों पर सचिन पायलट की टीम की तरफ से सवाल किया गया है ।
