नई दिल्ली : भारत में कोरोना केस की संख्या 10 लाख के पार पहुंच चुकी है । इसी के साथ ही , भारत 10 लाख कोरोना केस वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया । मौतों की संख्या भी 25 हजार से ज्यादा हो गई है । भारत में शुरुआती दौर में कोरोना की स्पीड कम थी लेकिन अब लगातार ये स्पीड बढ़ती जा रही है । भारत में कोरोना वायरस का पहला मरीज 30 जनवरी 2020 को मिला । तब चीन के वुहान में पढ़ने वाली केरल की एक मेडिकल स्टूडेंट ऊषा राम मनोहर सेमेस्टर खत्म होने पर घर आई थी । आंकड़ों को देखें तो 18 मई को पहले 1 लाख केस सामने आए । पहले 1 लाख केस होने में 109 दिनों का समय लगा । लेकिन दूसरे 1 लाख केस होने में केवल 15 दिन का समय लगा यानि 2 जून को ही पूरे देश में 2 लाख लोग संक्रमित हो चुके थे । इसके 10 दिन बाद ही 12 जून को 3 लाख लोग कोरोना का शिकार बन गए । इसी तरह कोरोना संक्रमण की रफ्तार भारत में बढ़ने लगी । और 10 जुलाई को भारत में 8 लाख केस हुए । बाकी के 2 लाख केस होने में केवल 6 दिन का समय लगा , और अब पूरे देश के 10 लाख से ज्यादा लोग कोरोना महामारी का शिकार बन चुके हैं । राहत की बात है कि कोरोना से मौतों के मामले में भारत दुनिया में 8 वें नंबर पर हैं । यदि हम प्रति 10 लाख आबादी पर होने वाली मौतों की संख्या देखें तो भारत का स्थान 56 वां है । लेकिन कोरोना से मौत का आंकड़ा भी लगातारबढ़ रहा है । हालांकि भारत में स्वस्थ होने की दर अच्छी है । अब तक 6 लाख 36 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं ।
