पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार को देर शाम बम से हमला हुआ जिसमें 11 लोगों की जान चली गई। हमलावरों ने एक ट्रक को निशाना बना कर हमला किया जिससे ट्रक में सवार लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार ट्रक पर महिलाओं और बच्चे सहित करीब 20 लोग सवार थे और वे शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हमला कराची के बाल्डिया में हुआ। इस हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी भी संगठन ने नहीं ली है। न ही अभी तक हमले की वजह सामने आई है।
एक रिपोर्ट की मानें तो कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रक पर हथगोला फेंका, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि ट्रक में भीतर विस्फोट हुआ। कराची पुलिस प्रमुख इमरान याकूब मिन्हास ने हमले की निंदा करते हुए बताया, ''11 लोग विस्फोट में मारे जा चुके हैं जो कि हथगोला हमले का परिणाम था '' उन्होंने बताया कि 11 शवों को बरामद कर लिया गया है जिनमें छह महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विस्फोट के संबंध में जांच जारी है। उन्होंने कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों ने हथगोले फेंके और भाग गए।
आतंकी हमले की आशंका
जंग' समाचारपत्र ने बम निरोधक दस्ते के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि उन्हें संदेह है कि विस्फोट, बम विस्फोट के कारण हुआ, क्योंकि उन्हें ट्रक के मलबे में छर्रे, कीलें और बोल्ट मिले हैं जो कि आमतौर पर देसी बम बनाने में इस्तेमाल किए जाते हैं।
गौरतलब है कि 14 अगस्त को पाकिस्तान अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा था ऐसे में आतंकी हमले की आशंका जताई जा सकती है।

