लखनऊ : मौसम विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश में सोमवार को अगले कुछ घंटों में पश्चिमी यूपी के इन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है । वे जिले हैं हापुड़ , मेरठ , बिजनौर , मुजफ्फरनगर , ललितपुर , आगरा और मथुरा । पश्चिमी यूपी के इन जिलों को छोड़कर सोमवार को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में धूप के दर्शन होंगे । वहीं लखनऊ और आसपास के जिलों में दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी और बढ़ते उमस का भी सामना करना पड़ेगा ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन - चार दिनों तक बारिश का जोर पूर्वी यूपी के मुकाबले पश्चिमी यूपी में ज्यादा देखने को मिलेगा । सोमवार को थोड़ा कम लेकिन 18 और 19 अगस्त को यूपी में ज्यादातर जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है । मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है , जिसका असर अगले 24 घंटों में यूपी में भी देखने को मिलेगा । 18 और 19 अगस्त के लिए प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है । बारिश का ज्यादा जोर पश्चिमी यूपी में रहने की संभावना है ।
