Kanpur: सोमवार रात में कानपुर जिले में पुलिस लाइन स्थित आरक्षी बैरक (Kanpur Police line Barrack) में सो रहे पुलिसकर्मियों के ऊपर अचानक छत भर-भराकर गिर गई। बैरक की छत गिरने से नीचे सो रहे कई पुलिसकर्मी मलबे में दब गए। इस हादसे में एक सिपाही अरविंद की मौत हो गई है तथा 6 घायल हो गए वहीं इनमें 2 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बैरक की छत गिरने की जानकारी मिलते ही मौके पर एडीजी, आईजी, डीआईजी/एसएसपी सहित सभी एसपी पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक आरक्षी के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सोमवार रात करीब दस बजे पुलिसकर्मी ड्यूटी से लौटकर आराम करने को पहुंचने लगे थे। इसी दौरान बैरक के बरामदे की छत एक ओर से गिरनी शुरू हुई और लगभग 50 फिट बरामदे की छत नीचे आ गई। 48 वर्षीय सिपाही अरविंद निवासी लालपुर, बेवर जिला मैनपुरी का बेड बरामदे में था। सबसे पहले उसी के हिस्से वाली छत गिरी. छत में लेटे सिपाही राकेश निवासी नगला गंगू अछल्दा औरैया, अमृत लाल निवासी इटैलीपुर सैनी, कौशाम्बी नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
डीआईजी/एसएसपी ने कहा कि बैरक की जांच कराई जाएगी। हम सभी आकस्मिक घटना से दुखद हैं और मृतक पुलिसकर्मी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। कहा कि इस घटना को देखते हुए ध्यान में रखते हुए उनके परिवार को सभी राहत व सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. डीआईजी/एसएसपी ने कहा कि जनपद के सभी बैरकों की जांच कराई जाएगी और गुणवत्ता व मानक पूरे ना करने वाले सभी बैरकों को गिरा कर नई बैरक बनाए जाएगी।
