Noida: नोएडा में फ्रेंचाइजी और नौकरी देने के नाम पर 100 करोड़ की ठगी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने 70 साल की महिला सीमा देवी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। महिला 100 करोड़ की ठगी करने वाले फरार मास्टर माइंड राजेश कुमार की 70 साल की मां है।
बताया जा रहा है कि आरोपी की मां भी कई कंपनियों में उसके साथ भागीदार है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार सीमा देवी के पास से फर्जी दस्तावेज के अलावा कई निजी चैनल के फर्जी आईकार्ड भी बरामद हुए हैं। बता दें कि थाना फेस 3 क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही हाईपर मार्ट कंपनी के खिलाफ 8 लोगों ने मुकद्दमा दर्ज करवाया और 22 लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस को जांच में पता चला कि ये सभी कंपनियां फर्जी हैं और लोगो को नौकरी और फ्रेंचाइजी देने के नाम पर ठगी करते थे। पुलिस ने इन ठगों के पास से सोने के बिस्कुट, गहने, चांदी के सिक्के कई महंगी लग्जरी गाड़िया , 117 एटीएम, 71 पैन कार्ड, 9 आधार कार्ड , 19 वोटर आईडी कार्ड, 17 ड्राइविंग लाइसेंस, 23 अदद मोहरें सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया।
