नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने चीनी टेक कंपनियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है । भारत सरकार ने चीन के 47 अन्य ऐप्स को बैन कर दिया है । दरअसल ये 47 ऐप्स बैन हुई 59 ऐप्स की क्लोनिंग कर रही थी । यानि की चीनी ऐप टिकटॉक बैन होने के बाद टिकटॉक लाइट के रूप में मौजूद थी ।
इससे पहले सरकार ने चीन के 59 ऐप्स बैन कर दिए थे। जिनमें टिकटॉक , Shareit , कैमस्कैनर जैसी कई पापुलर ऐप्स शामिल थीं । वहीं सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार ने 275 अन्य चीनी ऐप्स की लिस्ट बनाई है और इनकी जांच की जा रही है । ये चीनी ऐप्स राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक हैं । साथ ही कुछ ऐप डेटा शेयरिंग और प्राइवेसी के नियमों का उल्लंघन कर रही हैं । सूत्रों के मुताबिक तैयार की जा रही लिस्ट में पबजी गेम सहित कुछ टॉप गेमिंग चीनी ऐप्स भी शामिल हैं , जिन्हें बैन किया जा सकता है ।
रिव्यू की जा रही ऐप्स की लिस्ट में Xiaomi की बनाई गई Zili ऐप , ई - कॉमर्स Alibaba की Aliexpress ऐप , Resso ऐप और Bytedance की ULike ऐप शामिल है । इस डेवलपमेंट से जुड़े एक शख्स ने बताया कि सरकार इन सभी 275 ऐप्स को , या इनमें से कुछ ऐप्स को बैन कर सकती है ।
