अक्षत तिरवार की रिपोर्ट
Ujjain : उज्जैन जिले में पिछले चौबीस घंटे से हो रही निरन्तर बारिश से शिप्रा नदी में बाढ़ आ गई है। नदी के तेजी से बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण संभागायुक्त श्री आनन्द कुमार शर्मा, आईजी श्री राकेश गुप्ता, डीआईजी श्री मनीष कपूरिया, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, 32वी बटालियन की कमांडेंट एवं प्रभारी एसपी सुश्री सविता सोहाने ने किया।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ राहत से जुड़े हुए विभिन्न अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे निरन्तर बढ़ते जलस्तर पर नजर रखें एवं उज्जैन शहर की निचली बस्तियों में पानी भरने की स्थिति में लोगों को राहत कैम्पों में शिफ्ट करें। राहत कैम्पों में शिफ्ट करने के बाद सभी लोगों के लिये आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, अपर कलेक्टर श्री अवि प्रसाद आदि मौजूद थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम राणौजी की छत्री से नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया एवं इसके बाद उन्होंने त्रिवेणी पुल पर पहुंचकर शिप्रा नदी के जलस्तर के बारे में जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त ने होमगार्ड के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर त्रिवेणी के समीप श्री विजयशंकर मेहता के आश्रम में फंसे व्यक्तियों को रेस्क्यू ऑपरेशन कर निकालने के निर्देश दिये।
पिछले 24 घंटे में बड़नगर तहसील में सर्वाधिक 240 मिमी वर्षा हुई पिछले चौबीस घंटे के दौरान उज्जैन जिले में चारों ओर वर्षा का दौर जारी है। इस दौरान सर्वाधिक वर्षा जिले की बड़नगर तहसील में 240 मिमी रिकार्ड की गई है।
चौबीस घंटे में जिले में औसत 108.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। अभी तक इस वर्षा मानसून सत्र में जिले में औसत 581.1 मिमी वर्षा हुई है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 978.3 मिमी वर्षा हुई थी।
उज्जैन तहसील में 105 मिमी, घट्टिया में 94, खाचरौद में 80, नागदा में 59, महिदपुर में 49 एवं तराना तहसील में 132 मिमी वर्षा हुई है। इस वर्ष अभी तक उज्जैन तहसील में 666 मिमी, घट्टिया में 432, खाचरौद में 514, नागदा में 566, बड़नगर में 754, महिदपुर में 403 एवं तराना तहसील में 733 मिमी वर्षा हुई है।
गत वर्ष इसी अवधि में उज्जैन तहसील में 845 मिमी, घट्टिया में 980, खाचरौद में 874, नागदा में 1338, बड़नगर में 790, महिदपुर में 727 एवं तराना तहसील में 1295 मिमी वर्षा हुई थी।
