बॉलीवुड के एक और दिग्गज अभिनेता जगदीप की हुई मौत।
यह साल सबके लिए एक काल साबित हो रहा है। कोरोना महामारी के साथ ही साथ हम अपने बेहतरीन कलाकारों को भी खोते जा रहे हैं। उन्हीं कलाकारों की लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है।बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जगदीप जिन्हें सूरमा भोपाली के नाम से भी जाना जाता था, वह अब हमारे बीच नहीं रहें। जगदीप ने 81 साल की उम्र में मुंबई में अंतिम सांस ली।जगदीप बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता रहे हैं, इन्होंने दशकों तक बॉलीवुड और लोगों के दिलों पर अपने अभिनय से राज किया है। बॉलीवुड में आने से पहले इनका नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था। लेकिन फिल्म जगत में कदम रखने के बाद उन्होंने अपना नाम जगदीप रख लिया था। जगदीप ने कई चर्चित फिल्मों में अभिनय कर लोगों का दिल जीता है। जगदीप को सबसे ज्यादा कामयाबी फिल्म शोले के सूरमा भोपाली किरदार से मिली थी। जगदीप ने लगभग 400 फिल्मों में अभिनय प्रदर्शन किया था।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की थी। कुछ फिल्मों में इन्होंने लीड रोल भी निभाया था। फिल्म अंदाज अपना अपना में यह सलमान खान के पिता के रोल में नज़र आए। वहीं शम्मी कपूर के फिल्म ब्रह्मचारी से उनका कॉमेडियन बनने का सफर शुरू हुआ।पिछले साल जगदीप को मुंबई में हुए आईफा समारोह में भारतीय सिनेमा में अतुल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया था।जगदीप से पहले बॉलीवुड के कई सितारे डायरेक्टर्स और म्यूजिक डायरेक्टर्स इस साल को अलविदा कह गए। अब जगदीप जैसे सितारे का जाना भी फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए दुखद है।


