अयोध्या : अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन की भव्य तैयारी जारी है। 5 अगस्त को भूमिपूजन में प्रधानमंत्री के आगमन के चलते अयोध्या को चारों तरफ से सील करने की तैयारी है। यूपी सरकार ने भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान भीड़ न लगाने की अपील की है । अयोध्या समेत फैजाबाद शहर में प्रवेश के सभी मार्गों पर पूर्व में किए इंतजामों की मॉनिटरिंग की जा रही है । भूमिपूजन के मुख्य कार्यक्रम की पूर्व संध्या से किसी को भी अयोध्या में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। लखनऊ के रास्ते सड़क से आने वाले वीवीआईपी को सहादतगंज से अयोध्या में प्रवेश देने की योजना बनाई जा रही है। वहीं अयोध्या के करीबी जिले बस्ती ,गोंडा , अंबेडकरनगर ,बाराबंकी ,सुल्तानपुर , अमेठी आदि में पहले ही नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। इनके नेतृत्व में इन जनपदों की पुलिस बार्डर पर कड़ी निगरानी रखेगी।
पीएसी रखेगी हर जगह पैनी नजर
वहीं जल मार्गों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए पीएसी , जल पुलिस की तैनाती की जा रही है। हाईवे समेत अयोध्या के सभी छोटे - बड़े प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगाए जाने की तैयारी है। यह सभी व्यवस्थायें तीन अगस्त से कार्य करना शुरू कर देंगी । अयोध्या में प्रवेश के मेन रास्ते जालपा देवी चौराहा , मोहबरा बाईपास , बूथ नंबर चार ,रामघाट ,साकेत पेट्रोल पंप , बंधा तिराहा, हनुमान गुफा समेत अन्य छोटे रास्तों को बैरीकेडिंग लगाकर सील करने की तैयारी है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर कुल सात जोन बनाए गए हैं । जिसे सुपर सिक्योरिटी जोन में रखा गया है । प्रधानमंत्री का काफिला जिस सड़क से गुजरेगा, वहां कई बैरियर बंद कर दिए गए हैं ।
